होशंगाबाद
नर्मदापुरम भारत के मध्य प्रदेश प्रान्त के नर्मदापुरम जिले मे स्थित एक प्रमुख शहर है। नर्मदापुरम शहर मुख्यालय है। नर्मदा नदी के तट पर स्थित होने के कारण इसका नाम नर्मदापुरम पड़ा। यह शहर नर्मदा नदी के किनारे अपने खूबसूरत घाटों के लिए प्रसिद्ध है। जिसमे सेठानी घाट एक प्रमुख आकर्षण है। नर्मदा जयंती पर शहर में रंगारंग उत्सव होता है। यहां सेे डॉ. सीताशरण शर्मा पांचवी बार विधायक बनें, एवं वह मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं, डॉ सीताशरण शर्मा एवं उनके परिवार द्वारा इस क्षेत्र में सामाजिक उत्थान एवं क्षेत्र के विकास हेतु कई कार्य किए गए हैं। नर्मदापुरम नर्मदा नदी के किनारे स्थित है। इसके किनारे पर सतपुड़ा पर्वत स्थित है। नर्मदा नदी जिले की उत्तरी सीमा के साथ-साथ बहती है। नर्मदा की सहायक नदियाँ कई हैं, इनमें से एक दूधी है जो कि नर्मदापुरम जिले की उत्तरी पूर्वी सीमा बनाती है। नर्मदापुरम में प्रतिभूति कागज कारखाना है, जिसमें भारतीय रुपया छापने के लिए कागज बनाया जाता है। यहाँ एक केन्द्रीय विद्यालय भी है जिसका पूरा नाम केन्द्रीय विद्यालय प्रतिभूति कागज कारखाना नर्मदापुरम है। नर्मदापुरम के पास प्राचीन पहाड़ियाँ हैं जिन्हें "पहाड़िया" कहा जाता है। इन पहाड़ियों में कुछ गुफायें हैं जिनमें शैलचित्र जिन्हें राक पेंटिंग भी कहते हैं उकेरे गये हैं। ये राक पेंटि्ग्स आदि मानव द्वारा निर्मित हैं। हजारों साल से खुले आसमान के नीचे रहने के बाद भी ये पेंटिंग्स अभी भी मिटी नहीं हैं। नर्मदा नदी का प्रसिद्ध सेठानी घाट नर्मदापुरम में ही है। नर्मदापुरम में एक प्राचीन गुरुकुल है।