श्रीलंका
श्रीलंका (सिंहली: ශ්රී ලංකා, तमिल: இலங்கை, अंग्रेज़ी: Sri Lanka) दक्षिण एशिया में हिन्द महासागर के उत्तरी भाग में स्थित एक द्वीपीय देश है। भारत के दक्षिण में स्थित इस देश की दूरी भारत से मात्र ३१ किलोमीटर है। लंका (लङ्का) के आगे सम्मानसूचक शब्द "श्री" जोड़कर श्रीलंका कर दिया गया। श्रीलंका का सबसे बड़ा नगर कोलम्बो समुद्री परिवहन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण बन्दरगाह है। श्री लंका में वैद्दा जनजाति पायी जाती है। पाक जलसंधि भारत-श्री लंका के मध्य में ही है।
हिन्द महासागर का मोती या पूर्व का अन्न भण्डार कहे जाने वाले श्रीलंका की भौगोलिक स्थिति तथा गहरे बंदरगाहों ने इसे प्राचीन रेशम मार्ग व्यापार मार्ग के आरम्भिक दिनों से लेकर आज के तथाकथित समुद्री रेशम मार्ग तक, अत्यन्त सामरिक महत्व का बना दिया है।