कलायत: इतिहास व विवरण
कलायत एक ऐतिहासिक शहर है। यहाँ दो ऐतिहासिक मंदिर हैं जो ईंटों के मंदिर अथवा ब्रिक टेम्पल (Bricks Temple) के नाम से मशहूर है जो किंवदंतियोंं के अनुसार महाभारत काल के माने जाते हैं। हालांकि पुरातत्व विभाग के अनुसार ये मंदिर गुर्जर प्रतिहार राजवंश के समय के हैं। प्राचीन ग्रंथों में इस स्थान का नाम "कपिलायत" अथवा "कपिलायतन" मिलता है जो कि ऋषि कपिल के नाम पर है। कलायत में पहली बार 1967 में विधानसभा चुनाव हुआ था। 2005 तक यह सुरक्षित क्षेत्र था। इसे 2009 में जनरल कैटगिरी में शामिल किया गया। 2009 में इनेलो पार्टी के उम्मीदवार रामपाल माजरा यहां से विधायक चुने गए। 2014 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय विधायक भाई जयप्रकाश विधायक चुने गए। 2019 के विधानसभा चुनाव में श्रीमती कमलेश ढांडा विधायक चुनी गईं और हरियाणा की भाजपा सरकार (मनोहर सरकार-2) में राज्य मंत्री बनाई गईं। उनके पास महिला एवं बाल विकास(स्वतंत्र प्रभार) व अभिलेखागार विभाग(स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी सौंपी गई।