वडोदरा
वडोदरा (Vadodara), जिसे बड़ौदा (Baroda) भी कहा जाता है, भारत के गुजरात राज्य का दुसरा सबसे बड़ा नगर है। यह वडोदरा ज़िले का मुख्यालय है और राज्य की राजधानी, गाँधीनगर, से 141 किमी दूर विश्वामित्री नदी के किनारे बसा हुआ है। भारतीय रेल और राष्ट्रीय राजमार्ग 48 व राष्ट्रीय राजमार्ग 64 इसे दिल्ली, मुम्बई और देश के सभी अन्य भागों से जोड़ते हैं। नगर का नाम 'वड' (बरगद) के वृक्ष पर पड़ा है। इसका सबसे पुराना उल्लेख 812 ई. के अधिकारदान या राजपत्र में है, जिसमें इसे वादपद्रक बताया गया है। यह अंकोत्तका शहर से संबद्ध बस्ती थी। इस क्षेत्र को जैनियों से छीनने वाले डोडिया राजपूत वंश के राजा चंदन के नाम पर इसे चंदनवाटी के नाम से भी जाना जाता था। समय-समय पर इस शहर के नए नामकरण होते रहे, जैसे वारावती, वातपत्रक, बड़ौदा और 1971 में वडोदरा।