रायपुर
रायपुर (अंग्रेज़ी: Raipur) भारत के छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित एक नगर है। यह राज्य की राजधानी है और रायपुर ज़िले का मुख्यालय है। रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य का सबसे बड़ा शहर होने के साथ-साथ राज्य का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यापारिक केन्द्र है। छत्तीसगढ़ के विभाजन के पूर्व रायपुर मध्य प्रदेश राज्य का अंग था। रायपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 मे भारत का 6वां सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
रायपुर को व्यापार के लिए देश के सबसे अच्छे शहरों मे से एक माना जाता है। रायपुर खनिज संपदा से भरपूर है। यह देश मे स्टील एवं लोहे के बड़े बाजारों मे से एक है। लगभग 200 स्टील रोलिंग मिल, 195 स्पन्ज आयरन प्लांट, कम से कम 6 स्टील प्लांट, 60 प्लाइवुड कारखाने, 35 फेरो-अलॉय प्लांट, और 500 कृषि उद्योग हैं। रायपुर मे 800 से अधिक राइस मिल प्लांट हैं।