कोल्लम
कोल्लम (Kollam), जिसे पहले क्विलोन (Quilon) कहा जाता था, भारत के केरल राज्य में अरब सागर के किनारे बसा एक बंदरगाह शहर है। प्रशासनिक रूप से यह कोल्लम ज़िले में है और उस ज़िले का मुख्यालय है। समीप ही अष्टमुडी झील है। इस नगर का प्राचीन काल से व्यापारिक महत्व रहा है। इसके फोनीशियाई, रोमन, चीनी, अरबी और यूरोपीय संस्कृतियों से व्यापारिक सम्बन्ध थे और इन समुदायों के लोग भी समय-समय पर यहाँ बसे हैं। इब्न बतूता ने 14वीं शताब्दी में इसे भारत के पाँच बड़े बंदरगाहों में गिना था।